Home Bihar c.k naydu सीके नायडू क्रिकेट में बिहार के शकीबुल गणि का तिहरा शतक

सीके नायडू क्रिकेट में बिहार के शकीबुल गणि का तिहरा शतक

by Khelbihar.com

Khelbihar.com

Patna:बिहार के स्टार क्रिकेटर शकीबुल गणि ने शानदार नाबाद तिहरा शतक जड़ा कर बिहार क्रिकेट के माहौल में गरमी पैदा कर दी। शकीबुल गणि के 306 रन (406 गेंद, 45 चौका, 3 छक्का) की बदौलत बिहार ने कर्नल सीके नायडू क्रिकेट टूर्नामेंट में सिक्किम के खिलाफ खेले जा रहे मैच में अपनी पहली पारी में छह विकेट पर 582 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर अपनी पारी घोषित की।

साथ ही दूसरे दिन के खेल में सिक्किम के चार बल्लेबाजों को पवेलियन भी लौटा दिया है। दूसरे दिन का खेल खत्म समय तक सिक्किम ने 4 विकेट पर 58 रन बना लिये हैं। बिहार पहली पारी के आधार पर 524 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली है।

कर्नल सीके नायडू क्रिकेट में बिहार की ओर से तिहरा शतक जमाने वाले शकीबुल गणि पहले बिहारी खिलाड़ी हैं। हालांकि बिहार की ओर बलजीत सिंह बिहारी ने भी तिहरा शतक जड़ा है। बलजीत सिंह बिहारी ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ तिहरा शतक जड़ा था। इस मैच में बिहार ने 961 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

दूसरे दिन मंगलवार को बिहार ने तीन विकेट पर 278 रनों से आगे खेलना शुरू किया। दूसरे दिन पारी की शुरुआत शकीबुल गणि और उत्कर्ष भास्कर ने किया। दूसरे दिन अभी बिहार के स्कोर पर एक रन की भी वृद्धि हासिल नहीं हुई थी कि उत्कर्ष भास्कर को कल के स्कोर 40 रन पर दिनेश कुमार धोबी ने बोल्ड आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कप्तान सचिन कुमार सिंह ने शकीबुल गणि का पूरा साथ दिया। सचिन कुमार सिंह ने 74 गेंद खेल कर अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद 317 गेंद खेल शकीबुल गणि ने अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया।

जब टीम का स्कोर 414 रन था तब बिहार को पांचवां झटका कप्तान सचिन कुमार सिंह के रूप में लगा। सचिन को हरित ने अपनी गेंद पर संदीप के हाथों कैच करवाया। सचिन ने 94 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 59 रन बनाये।

सचिन की जगह आये विभूति भास्कर ने शकीबुल गणि का पूरा साथ दिया। इन दोनों के बीच 176 रनों की बड़ी साझेदारी हुई। विभूति भास्कर ने 79 गेंद खेल कर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके पहले शकीबुल गणि 365 गेंद खेल कर 250 रन के आंकड़े को छूआ। विभूति भास्कर के अर्धशतक पूरा करते ही बिहार ने भी अपना स्कोर 500 कर लिया। इन दोनों ने जम कर बैटिंग की।

शकीबुल गणि ने 404 गेंदों में 301 रन बना कर अपना पहला तिहार शतक पूरा कर बिहार वासियों का दिल गदगद कर दिया। चाय के पहले बिहार को छठा झटका विभूति भास्कर के रूप में लगा। विभूति भास्कर 72 रन बना कर दिनेश कुमार धोबी के शिकार बने। इसके बाद प्रशांत कुमार सिंह आये। बिहार का स्कोर जब 586 रन पर था कप्तान सचिन कुमार सिंह ने पारी घोषित कर दी। सिक्किम की ओर से दिनेश कुमार ने 109 रन देकर दो, सपतुल्ला ने 136 रन देकर 2 और हरित ने 141 रन देकर दो विकेट चटकाये।

सिक्किम की शुरुआत खराब रही। दोनों सलामी बल्लेबाज आमिर और अविनाश रजक सस्ते में आउट हो गए। आमिर को विकास झा ने 6 रन जबकि अविनाश रजक को प्रशांत कुमार सिंह ने 4 रन के योग पर पवेलियन भेजा। इसके बाद शंकर और पार्थ ने मिल कर पारी को संभाला पर शंकर को 12 रन के योग पर पवन ने पगबाधा आउट कर बिहार को तीसरी सफलता दिलायी। खेल खत्म होने के कुछ देर पहले पवन ने हरित को विभूति भास्कर के हाथों कैच करवाया चौथी सफलता दिला दी। शंकर 12 और हरित 4 रन बना कर आउट हुए। खेल समाप्त होने के समय पार्थ 19 और शहबाज 2 रन बना कर खेल रहे हैं। बिहार की ओर से विकास झा ने 6 रन देकर 1, प्रशांत कुमार सिंह ने 8 रन देकर 1 और पवन कुमार ने 24 रन देकर दो विकेट चटकाये।

Related Articles

error: Content is protected !!