Home Bihar रणजी ट्रॉफी: केरल के खिलाफ बिहार के सकीबुल का शतक, पीयूष व विपिन का पचासा

रणजी ट्रॉफी: केरल के खिलाफ बिहार के सकीबुल का शतक, पीयूष व विपिन का पचासा

by Khelbihar.com

पटना, 27 जनवरी। गेंदबाजों के बाद बिहार के बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया और यहां रणजी ट्रॉफी के अंतर्गत केरल के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में पहली पारी के आधार पर बिहार ने 43 रन की बढ़त बना लिया है। बिहार ने सकीबुल गणि (नाबाद 120 रन) के शतक और पीयूष कुमार सिंह (51 रन) और विपिन सौरभ (60 रन) के शानदार अर्धशतक की बदौलत दूसरे दिन की खेल समाप्ति तक 73 ओवर में 5 विकेट पर 270 रन बना लिये हैं। केरल की पहली पारी 227 रन पर सिमट गई। सकीबुल गणि ने 166 गेंदों में शतक पूरा किया। यह रणजी ट्रॉफी में उनका चौथा शतक है।

स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी के तहत बिहार बनाम केरल मैच के दूसरे दिन मेहमान केरल की टीम 227 रन पर सिमट गई। पहले दिन के स्कोर में केरल ने 24 रन जोड़े। दूसरे दिन केरल का अंतिम विकेट श्रेयस गोपाल के रूप में गिरी। श्रेयस गोपाल 137 रन बना कर आउट हुए। श्रेयस गोपाल को आशुतोष अमन ने आउट किया। पहली पारी में केरल की ओर से श्रेयस गोपाल के  अलावा अक्षय चंद्रन ने 37, जलज सक्सेना ने 22 रन बनाये।

बिहार की ओर से पहली पारी में वीर प्रताप सिंह ने 26 रन देकर 3, हिमांशु सिंह ने 63 रन देकर 4, विपुल कृष्णा ने 57 रन देकर 2, आशुतोष अमन ने 47 रन देकर 1 विकेट चटकाये।

बिहार की पारी की शुरुआत पीयूष कुमार सिंह और सरमन निगरोध ने किया। शुरुआत अच्छी नहीं रही। उत्तरप्रदेश के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने वाले सरमन निगरोध बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उन्हें अखिन ने विष्णु राज के हाथों कैच करवाया। बाबुल कुमार भी ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक पाये और 27 गेंदों में मात्र 16 रन के योग पर अखिन द्वारा बोल्ड आउट किये गए। इस समय बिहार का स्कोर 29 रन था यानी 29 रन पर दो विकेट गिर चुके थे।

इस लड़खड़ाती पारी को पीयूष कुमार सिंह और सकीबुल गणि ने मिल कर संभाला। दोनों के बीच 109 रन की बड़ी साझेदारी हुई। पीयूष कुमार सिंह ने अपना अर्धशतक पूरा किया। यह जोड़ी और आगे बढ़ती उसके पहले ही श्रेयस गोपाल ने पीयूष कुमार सिंह को 51 रन के योग पर आउट कर ब्रेक लगा दिया। पीयूष के आउट होने के बाद रिषभ राज आये पर मात्र 2 रन बना कर पवेलियन लौटे गए।

इसके बाद विपिन सौरभ ने सकीबुल का पूरा साथ दिया और बढ़त दिलाई। दूसरे दिन की खेल समाप्ति के पहले विपिन सौरभ को जलज सक्सेना ने 60 रन के योग पर आउट कर इस जमी जोड़ी को तोड़ दिया। सकीबुल और विपिन सौरभ के बीच 110 रन की साझेदारी हुई। सकीबुल गणि ने 166 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और अभी 199 गेंद में 13 चौका व 2 छक्का की मदद से 120 रन बना कर विकेट पर टिके हैं। सकीबुल गणि का रणजी ट्रॉफी में यह चौथा शतक है। बिना खाता खोले विपुल कृष्णा उनका साथ दे रहे हैं।

केरल की ओर से अखिन ने 40 रन देकर 2, जलज सक्सेना ने 47 रन देकर 1 और श्रेयस गोपाल ने 66 रन देकर 2 विकेट चटकाये।

Related Articles

error: Content is protected !!